फतेहपुर सीकरी। जश्ने ईद मिलादुन्नबी और बारावफात के मौके पर बुधवार को कस्बे में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। दर्जनभर से अधिक मदरसों के बच्चों ने धार्मिक झंडों के साथ जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में मदरसों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक और धर्मगुरु शामिल रहे। सुबह से ही बच्चे रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर मदरसों में एकत्रित हुए। इसके बाद डीजे साउंड और धार्मिक नारों के बीच जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान मौलवियों और उलेमाओं ने नात-ए-पाक और धार्मिक कलाम पेश किए। बच्चों ने हाथों में धार्मिक झंडे लेकर उत्साह के साथ जुलूस में भाग लिया। जुलूस के दौरान मदरसों के शिक्षक बच्चों के साथ मौजूद रहे और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। कस्बे में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। पर्व को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।