एटा के अलीगंज में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी नागेंद्र नारायण मिश्रा और परियोजना निदेशक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने विकास खंड अलीगंज का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत, मनरेगा कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना की पत्रावलियों की जांच की। सीडीओ ने प्रधानमंत्री मॉडल आवास के रखरखाव की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। ब्लॉक परिसर के निरीक्षण के बाद उन्होंने खंड विकास अधिकारी फैसल आलम को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। कहा कि ब्लॉक परिसर में साफ-सफाई, पेड़ों का रखरखाव और फरियादियों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सीडीओ ने निर्देश दिए कि ब्लॉक में आने वाले किसी भी फरियादी की समस्या को कर्मचारी तुरंत सुनें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए, जिससे ग्रामीणों को परेशानी न हो।