बिजनौर जनपद के चांदपुर में प्राथमिक विद्यालय शेखपुरी मीना में अध्ययनरत बच्चों को प्राथमिक विद्यालय अलावलपुर में मर्ज करने के विरोध में बच्चों व अभिभावकों ने तहसील पर प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन दिया। शासन प्रशासन ने ऐसे परिषदीय विद्यालयों में जिसमें छात्र छात्राओं की संख्या कम है उसके बच्चों को दूसरे विद्यालय में मर्ज किए जाने के आदेश दिए हैं। प्राथमिक विद्यालय शेखपुरी मीना में विद्यार्थियों की संख्या करीब 22 है। दो अध्यापक हैं। इस विद्यालय के छात्र छात्राओं को करीब तीन किलो मीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय अलावलपुर में मर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके विरोध में मंगलवार को छात्र छात्राएं व अभिभावक ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर तहसील पहुंचे तथा नारेबाजी करते हुए एसडीएम के पास पहुंचे। एसडीएम नितिन तेवतियो को ज्ञापन देकर बच्चों को एक स्कूल से दूसरे स्कूल में मर्ज करने की प्रक्रिया को रोकने की मांग की है। उसके बाद बच्चे व अभिभावक खण्ड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र सिंह के पास पहुंचे तथा उन्हें भी ज्ञापन देकर इस प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की।