पीलीभीत में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को पुष्प इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कॉलेज में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एएसपी विक्रम दहिया ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारियां देकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इस समय साइबर अपराधी नई-नई तकनीक से अपराध कर रहे हैं। ऐसे में इससे बचने का सबसे अहम तरीका जागरूकता है। उन्होंने कहा कि डरने के बजाय समस्या को पुलिस से साझा किया जाए। साइबर अपराध से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जाए। इससे पुलिस अपराधी को चिह्नित करने के साथ ही बैंक से रुपयों को भी होल्ड कराया जा सकता है। नए लिंक और नए सॉफ्टवेयर को डाउनलोड करने से बच्चे अनजान व्यक्ति की कॉल उठाने से परहेज करें और अनजान व्यक्ति को ओटीपी बिल्कुल ना साझा करें। कार्यक्रम में डायरेक्टर अनुज भटनागर, प्रिंसिपल डॉ मोहम्मद सलीम, वाइस प्रिंसिपल डॉ गतिका शुक्ला मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अरीना खान ने किया।