चंदौली जिले में पहली बार पड़ाव से बिहार सीमा के धरौली तक उत्तर प्रदेश ग्रामीण परिवहन निगम की बस सेवा शुरू कर दी गई है। तीन दिन पहले शुरू हुई इस सेवा से बिहार और चंदौली के लोगों को वाराणसी आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का किराया मात्र 50 रुपये निर्धारित किया गया है। नई बस सेवा पड़ाव चौराहे से प्रतिदिन सुबह 10 बजे और शाम 3 बजे धरौली (सैयदराजा मार्ग) के लिए रवाना होगी। बस पड़ाव, मुगलसराय, चंदौली, सैयदराजा होते हुए धरौली तक पहुंचेगी। अब तक धरौली और आसपास के क्षेत्रों से वाराणसी आने वाले लोगों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था, जिनका किराया 100 रुपये या उससे अधिक देना पड़ता था। रोडवेज बस सेवा शुरू होने से यात्रियों का किराया लगभग आधा हो गया है, जिससे आम लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी। इस बस सेवा का सबसे अधिक लाभ बिहार से वाराणसी इलाज के लिए आने वाले मरीजों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को मिलेगा। स्थानीय लोगों ने परिवहन निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाने की मांग भी की है