बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के दो आरोपियों को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस दौरान तीन आरोपी मौके से भाग गए। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि रविवार रात बारादरी थाना पुलिस गश्त कर रही थी। तभी पुराने रेलवे मैदान पर आरोपी स्मैक की सौदेबाजी कर रहे थे। उन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने शीशगढ़ के मोहल्ला गढ़ी निवासी साजिद और बहेड़ी के गांव जोखनपुर निवासी रेहान को गिरफ्तार कर लिया। साजिद पर दो और रेहान पर तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपियों से 900 ग्राम अफीम, 200 ग्राम स्मैक, 3.5 किलो कट पाउडर, 94 हजार रुपये, पांच मोबाइल फोन और दो वाहन बरामद किए गए।