मेरठ के सेंट्रल मार्केट क्षेत्र में दीवार गिरने से हड़कंप मच गया। सैट बैक को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक आवास की ऊपरी दीवार तोड़े जाने के दौरान उसका मलबा नीचे स्थित दुकानों पर गिर गया। बताया गया कि आवास विकास कार्यालय से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान के पीछे सड़क किनारे कई दुकानें संचालित हैं। मकान मालिक ने ऊपरी हिस्से की दीवारों को तोड़ने के लिए मजदूर लगाए हुए थे। इसी दौरान मजदूरों ने दीवार तोड़ दी, जिससे उसका हिस्सा नीचे की ओर गिर गया। घटना के समय नीचे दुकानें खुली हुई थीं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दीवार गिरने से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही पर चिंता जताई है।