प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मेरठ जनपद में 1 जनवरी से 23 मार्च 2026 तक 3159 टीबी मरीजों की पहचान की गई है। जनपद में 1 जनवरी से हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन की शुरुआत की गई है, जो गांव-गांव जाकर उच्च जोखिम वाली आबादी की जांच कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया ने बताया कि इस पहल के माध्यम से मरीजों के घर तक एक्स-रे की सुविधा पहुंचाई जा रही है, जिससे टीबी की समय पर पहचान में मदद मिल रही है। 24 मार्च 2026 को विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। मेरठ में यह अभियान सांसद अरुण गोविल और जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में शुरू होगा। इस अभियान के तहत जनपद की करीब 20 प्रतिशत उच्च जोखिम वाली आबादी की टीबी स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।