बारिश से पहले नालों की सफाई में बाधक बने कब्जों को गिराने की कार्रवाई शुरू हो गई है। मंगलवार को दूसरे दिन भी महापौर प्रमिला पांडेय की देखरेख में अभियान चला। इस दौरान परेड से मछली हाता होते हुए लाल इमली तक सीसामऊ नाले के ऊपर किए गए कब्जों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई में 80 पक्के निर्माण भी तोड़े गए। महापौर ने मंगलवार सुबह अपने सामने कच्चे व पक्के निर्माणों को गिरवाया। करीब 200 अवैध स्थायी व अस्थायी कब्जे हटाए गए। अभियान के दौरान दोनों तरफ के फुटपाथ और नालों को खाली कराया गया। करीब 80 पक्के निर्माण, 25 टिन शेड, 15 गुमटी, दस पक्के टट्टर, 40 कच्चे टट्टर, 10 तिरपाल, दो शराब की दुकानें, दो डोसे की दुकानें भी तोड़ दी गईं। 20 बैनर, पांच होर्डिंग, 50 कटआउट के साथ 15 मेज-कुर्सी व अन्य सामान भी जब्त किया गया। महापौर ने चेतावनी दी है कि अगर दोबारा कब्जा हुआ तो एफआईआर दर्ज होगी।