ज्ञानपुर में संपूर्ण समाधान दिवस में त्वरित न्याय की उम्मीदें धूमिल हो रही है। शनिवार को थानों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 74 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें 68 राजस्व विभाग से जुड़े रहे। पुलिस विभाग के छह मामले और राजस्व का एक मामला निस्तारित हो सका। चौरी थाने में डीएम विशाल सिंह पहुंचकर शिकायतें सुनी। उन्होंने पूर्व के लंबित मामलों को लेकर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी सुबह करीब 11 बजे अचानक चौरी थाने पर पहुंचे। आला अधिकारी को देख वहां तैनात पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। ईधर उधर टहल रहे पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए। सलामी लेने के बाद डीएम ने जन सुनवाई की हकीकत देखी। फरियादियों से संवाद किया। थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि जमीन संबंधित सभी प्रकरणों में पुलिस और राजस्व की टीमें संयुक्त रुप से प्रकरण का निस्तारण कराएं। जिससे फरियादियों को अलग-अलग भटकना न पड़े।