प्रतिष्ठा परक जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की तैयारी बृहस्पतिवार को पूरी कर ली गई। शुक्रवार को अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर मतदान होगा। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मध्यस्थता सेंटर में बने दो बूथों पर 1325 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पूर्व संध्या पर एल्डर्स कमेटी के सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इसको लेकर बार हाॅल में काफी गहमागहमी का माहौल रहा। डिबाए के वार्षिक चुनाव की तैयारी वैसे तो महीने भर पूर्व से चल रही है। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुट गए। नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी होने के बाद अध्यक्ष के लिए पांच, महासचिव के लिए तीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए दो, कोषाध्यक्ष के लिए दो समेत कुल 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं। शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए डिबाए सभागार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 20 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मतदाता बूथों पर अपना मत डालेंगे। अपनी जीत पक्की करने के लिए प्रत्याशियों से मिलते रहे। एल्डर्स कमेटी के सदस्य मोहन लाल मिश्रा ने बताया कि मतदान के लिए सभी अधिवक्ता मतदाताओं अपना सीओपी परिचय पत्र साथ लेकर आएं। न लाने पर मतदान से वंचित किया जाएगा। कहा कि पारदर्शी चुनाव कराने के लिए हर स्तर से तैयारी की गई है। कुल 1325 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। बताया कि मतदान को लेकर सुरक्षा आदि की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।