आगरा से कैला देवी के दर्शन के लिए करौली जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की राह आसान होने जा रही है। धौलपुर से सरमथुरा और करौली होते हुए गंगापुर सिटी तक 144.6 किलोमीटर लंबी रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदला जा रहा है। परियोजना दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में धौलपुर-सरमथुरा के करीब 72 किलोमीटर मार्ग पर काम चल रहा है, जबकि दूसरे चरण में सरमथुरा-करौली-गंगापुर सिटी के करीब 72 किलोमीटर हिस्से में नई ब्रॉडगेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके पूरा होने पर आगरा से कैला देवी तक सीधी ट्रेन चलने का रास्ता साफ होगा। आगरा मंडल के जनसंपर्क संजय कुमार गौतम ने बताया कि पहले चरण के लिए 747 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। धौलपुर से गढ़ी सांदरा आमान परिवर्तन हो चुका है। बता दें कि वर्तमान में श्रद्धालुओं को हिंडौन सिटी उतरकर करीब 50 किलोमीटर सड़क मार्ग से करौली जाना पड़ता है।