आगरा में 21 मई को आई तेज आंधी ने यमुना नदी पर बने आंबेडकर पुल को काफी नुकसान पहुंचा। पुल की रेलिंग टूट कर नदी में गिर गई और डिवाइडर भी काफी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद राज्य सेतु निगम ने आंबेडकर पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। पुल को 20 दिन के लिए बंद कर दिया है। यहां से सिर्फ दो पहिया वाहन गुजर रहे हैं। अन्य वाहनों को स्ट्रैची ब्रिज और जवाहर पुल से निकाला जा रहा है। इसके चलते दोनों पुलों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। बता दें एत्माद्दौला क्षेत्र से बेलनगंज को जोड़ने का काम आंबेडकर पुल करता है। यहां से रोजाना हजारों की संख्या में लोग बेलनगंज की तरफ और बेलनगंज से एत्माद्दौला की तरफ आवागमन करते हैं। पुल के बंद होने के चलते तीन और चार पहिया वाहनों को स्ट्रेटजी ब्रिज या जवाहरपुर से होकर जाना पड़ रहा है। इससे लोगों को समय ज्यादा लग रहा है। वहीं दोनों पुल पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ने से जाम की समस्या भी बनने लगी है।