मथुरा के गोवर्धन में थाना पुलिस ने क्षेत्र में छिनैती करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले इन बदमाशों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटे गए दो मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया की थाना पुलिस टीम अडींग रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया, जिससे एसआई प्रदीप कुमार सिंह बाल-बाल बच गए। पीछा करने पर दोनों आरोपी अडींग रोड भवनपुरा पुलिया पर गिर गए और पुलिस ने उन्हें दबोच लिए। गिरफ्तार बदमाशों ने अपनी पहचान नगला रति, थाना मगोर्रा निवासी दीपक और मनीष बताई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने हाल ही में दो वारदातें की थीं, एक महिला से पर्स छीनकर मोबाइल फोन व 1100 रुपये नगद लूटे थे। दूसरी बैंककर्मी महिला से एकता गौशाला के पास पर्स छीनकर मोबाइल फोन और सोने के ईयर रिंग लूटे थे।