मथुरा के गोवर्धन में ब्रजभूमि गिरिराजजी का वैभवगान कर रही है। गोवर्धन की धरा श्रद्धालुओं से भरी पड़ी है। तलहटी की गलियां हों या परिक्रमा का पथ सभी गिरिराज महाराज के जयकारों व राधे-राधे से गुंजायमान हैं। मुड़िया पूर्णिमा मेले में मंगलवार को भी मनोकामना संजोए लाखों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की शरण में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की मानव शृंखला दिखाई दे रही है। गिरिराजजी की 21 किलोमीटर की परिक्रमा ही नहीं बल्कि समूचा मेला क्षेत्र में भक्तों का हुजूम दिखाई दे रहा है। आस्था के मिनी कुंभ के नाम से विख्यात मुड़िया मेला में भक्ति और प्रकृति के अनूठे नजारे दिखाई दे रहे हैं। गर्मी और उमस भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पा रही है।