मथुरा में साइट-बी रिफाइनरी इंडस्ट्रियल एरिया में त्योहार से पहले लगातार बिजली कटौती से उद्योगपति परेशान हैं। रिफाइनरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि हाल ही में 27 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने इसे विभाग की घोर लापरवाही और उद्यमी विरोधी रवैया बताया। बुधवार सुबह 10 बजे जब उद्यमी शिकायत लेकर बिजलीघर पहुंचे तो वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। एसोसिएशन ने कहा कि यह व्यवहार उद्योग जगत के साथ अन्याय है और इस कारण कई इकाइयों को अपने ऑर्डर रद्द करने पड़ रहे हैं। इससे रोजगार पर भी संकट मंडरा रहा है। मोहित अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि समस्या जल्द नहीं सुधरी तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा।