गाजीपुर में मुखौटा लगाकर चोरी करने वाले दो चोरों को जंगीपुर पुलिस ने ताजपुर मोड़ के पास से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बिना नंबर प्लेट का पिकअप, चोरी का सामान और 65800 नगदी के अलावा एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई। सीओ सिटी सुधाकर पांडेय ने बताया कि अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रही है। सुबह जंगीपुर थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ताजपुर मोड़ के पास वाहन की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट का बोलेरो आता दिखाई पड़ा। पुलिस ने वाहन को रोकर जब बोलेरो में सवार दो लोगों की तलाशी ली तो 65800 रुपये नगदी, चोरी का सामान, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम बहरियाबाद थाना के मीरपुर ओड़ासन गांव निवासी सिंटू उर्फ विनोद राम और प्यारे लाल प्रजापति बताया। आरोपियों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए मुखौटा लगाकर चोरी को अंजाम देते हैं। थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी सिंटू उर्फ विनोद राम पर जनपद के अलावा गैर जनपदों के थानों में 13 और प्यारे लाल प्रजापति पर 43 मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।