अग्नि सुरक्षा को लेकर सोनभद्र पुलिस ने गुरुवार को बढ़ौली चौराहा पर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में फायर सर्विस व पुलिस टीम ने पुलिसकर्मियों और आम लोगों को आग से बचाव के जरूरी उपाय बताए। अभियान के दौरान घर, दुकान, मॉल, सिनेमा घर, स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान, लाइब्रेरी और अन्य सार्वजनिक व व्यावसायिक स्थलों पर आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय पहले आसपास के लोगों को सतर्क कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं और तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें। धुआं अधिक होने पर नीचे झुककर सुरक्षित स्थान की ओर जाने, आग लगने पर लिफ्ट का प्रयोग नहीं करने और आपातकालीन निकास मार्ग को बाधामुक्त रखने की सलाह दी गई। विद्युत या गैस से लगी आग पर बिना जानकारी पानी न डालने के लिए भी जागरूक किया गया। फायर सर्विस टीम ने अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील रखने और समय-समय पर उनकी जांच कराने पर जोर दिया। टीम ने कहा कि समय रहते की गई सावधानी और तैयारी से जनहानि व संपत्ति के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।