गजरौला। मोबाइल की दुकान में शटर तोड़कर दाखिल हुआ चोर पांच मोबाइल और नकदी समेत करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गया। उसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर चोरी की जानकारी ली। थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गौसाईं निवासी अजीत सैनी की नगर की टीचर कॉलोनी में बदायूं- बिल्सी स्टेट हाईवे किनारे मोबाइल की दुकान है। उनका कहना है कि वह मंगलवार रात दुकान बंद कर घर चले गए। उनका आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 4 बजे चोर ने दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गया। दुकान से करीब तीन लाख रुपये कीमत के पांच मोबाइल चोरी कर ले गए। नकदी चोरी कर ले जाने का भी आरोप है। सुबह 9 बजे पड़ोसियों ने दुकान का शटर टूटा देखने पर चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने चोरी की सूचना अजीत सैनी को दी। थाने से कुछ ही कदम की दूरी पर चोरी की सूचना पाकर पुलिस मौके पर गई। घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले। एक संदिग्ध आरोपी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली। बताया जा रहा है कि उसने ही दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी सुबह 4 बजे की बताई जा रही है। अजीत सैनी पड़ोसियों के साथ थाने गए और पुलिस को तहरीर दी। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर जल्द खुलासा किया जाएगा।