आगरा के खेरागढ़ मंडी समिति में किसानों के साथ हो रही लापरवाही और दुर्व्यवहार की शिकायतों पर राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन बुधवार शाम को मंडी परिसर पहुंचे। किसानों ने विपणन अधिकारी एवं उनके सहयोगियों पर अनियमितताओं, अभद्रता, भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अपनी समस्याएं सांसद को बताईं। इसके बाद वे किसानों के साथ तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। एसडीएम ऋषि राव ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सोनू त्यागी, धर्मेंद्र यादव उर्फ गुल्लू, शिशुपाल सिंह, लाला अस्थाना, हाकिम सिंह,आशिक अली आदि माैजूद रहे।