खानपुर थाना क्षेत्र के तेलियानी गांव लक्ष्मण राम (29) की बृहस्पतिवार की देर शाम गोमती नदी के पास उफनाये नाले में डूबने से मौत हो गई। युवक बकरी चराने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नाले के गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसे बचा नहीं सके। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि लक्ष्मण राम शाम बकरी चराने के लिए गोमती नदी के पास गए थे। नाले के पास पहुंचने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख लोगों ने शोर मचाया और बचाने के लिए पानी में उतरकर प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।जबतक उन्हें पानी से बाहर निकाला जाता, उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। लक्ष्मण अपने परिवार का इकलौता सहारा था। हादसे में मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी सुनीता, बेटा शिवा, शिवम, बेटी रूपाली और मां राधिका रोने- बिलखने लगीं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।