100 शैय्या अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन का सेटअप लग कर तैयार है। बस सर्टिफिकेट का इंतजार है। जिसे मिलने के बाद त्वरित संचालन शुरु कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि 10 अप्रैल तक अस्पताल प्रशासन के हाथ में सर्टिफिकेट होगा। शुक्रवार को सीएमएस डॉ. सुनील कुमार पासवान ने सीटी स्कैन मशीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने सीटी स्कैन के संदर्भ में मैनेजर आशुतोष से जानकारी प्राप्त की। बताया कि मुंबई से परमाणु ऊर्जा विनियामक बोर्ड (एईआरबी) एक सर्टिफिकेट जारी करेगा। इसके बाद संचालन शुरु होगा। यह जिले का पहला सीटी स्कैन मशीन है, जो पीपीपी मॉडल पर संचालित होगा। यहां मरीजों का नि:शुल्क सीटी स्कैन किया जाएगा। जिले में अब तक सीटी स्कैन की सुविधा न होने के कारण मरीजों को वाराणसी व प्रयागराज जैसे जिलों में जाना होता था। सीएमएस के अनुसार सीटीस्कैन की सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों को रेफर नहीं करना पड़ेगा। जिले में ही उनका समुचित उपचार हो सकेगा। मौके पर स्वास्थ्यकर्मी कृष्णा यादव समेत अन्य रहे।