मुजफ्फरनगर में एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने कलक्ट्रेट पहुंचकर आरटीआई कार्यकर्ता सुमित मलिक को नारियल पानी पिलाकर पांच दिन से चल रही भूख हड़ताल समाप्त कराई। मुख्यमंत्री के नाम दिये गए ज्ञापन से शासन को अवगत कराने का भरोसा दिया। सिंचाई विभाग गंग नहर खंड की ओर से बुड़ीना खुर्द के समीप किमी. 10.99 से 12.94 तक दो अलग-अलग सड़कों का निर्माण कराया गया था। जबकि तीसरी सड़क का निर्माण चरथावल पीनना मार्ग पर रजबहा रोड पर हुआ था। गांव पीनना निवासी सुमित मलिक की शिकायत पर सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने सड़क निर्माण में अनियमितता की जांच कर रिपोर्ट डीएम को सौंप दी थी। रिपोर्ट के आधार पर ठेकेदार और सिंचाई विभाग अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सुमित मलिक ने पांच दिन पहले कलक्ट्रेट में भूख हड़ताल शुरू की थी। सोमवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने नारियल जूस पिलवाकर सुमित मलिक की भूख हड़ताल समाप्त कराई। एडीएम को दिये गए ज्ञापन में सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों और ठेकदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। कुश्ती कोच जितेन्द्र कुमार, विशु मलिक, हिमांशु, धर्मेंद्र, मनोज कुमार, अमन वेद, विकास, कैलाशचंद, मानसिंह दीक्षित, अलका शर्मा, सुनीता मलिक, नीलम शर्मा शामिल रहे।