मऊ जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के डुमरी मर्यादपुर मारूफपुर के पास मंगलवार की दोपहर एक बाइक सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से बचने के प्रयास में बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। इस दौरान बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर गिर गए। इस बीच सामने से आ रही दूसरी कार एक युवक को बुरी तरह से रौंदते हुए चली गई। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।