एटा के जलेसर में नगर पालिका प्रशासन ने अभियान चलाकर 500 से अधिक बंदरों को पकड़ा। पकड़े गए बंदरों को वन विभाग के समन्वय से 30 से 40 किमी दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया। पालिका के इस अभियान से नगर के लोगों ने राहत की सांस ली है। नगर में बंदरों का भयंकर उत्पात होने से लोग बेहद परेशान थे। लोगों की शिकायत पर नगर पालिका ने बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरे की व्यवस्था कर एक सप्ताह पहले अभियान चलाया। अभियान के तहत 500 से अधिक बंदरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। लोगों की मानें तो नगर में लगभग 5000 बंदर हैं। बंदरों की संख्या बढ़ने पर कपड़े सुखाना, बाजार से सामान लाना दुश्वार हो गया था। बंदर घर में घुसकर नुकसान पहुंचा रहे थे। पालिका के ईओ प्रद्युमन कुमार सिंह ने बताया कि बंदर पकड़ने वालों की टीम बुलाकर अभियान चलाया गया है जो निरंतर जारी रहेगा। उनका उद्देश्य नगर को बंदरों से मुक्त कराने का है।