टांडाकला ग्राम सभा निवासी प्रमोद यादव (60) को गुरुवार को एक सांड़ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में उनके चेहरे, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित प्रमोद यादव ने बताया कि उनके दरवाजे पर बंधी गाय रस्सी तुड़ाकर पास के खेत की तरफ चली गई थी। जब वह खेत से गाय की रस्सी पकड़कर घर की ओर लौट रहे थे, तभी पीछे से एक सांड़ ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उठाकर ज़मीन पर पटक दिया। प्रमोद यादव ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सांड के सींग को मजबूती से पकड़ लिया और मदद के लिए अपने बड़े भाई बीरेंद्र को पुकारने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर मौके पर दौड़े, जिसके बाद सांड वहां से भागा और प्रमोद यादव की जान बच सकी।