शहर में दो दिन से हो रही लगातार बारिश के बाद निरंजन डॉट पुल के नीचे पानी भर गया है। इसके चलते सिविल लाइंस से प्रयागराज जंक्शन सहित पुराने शहर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वाहनों को मेडिकल चौराहा या फिर हाईकोर्ट के आगे पानी की टंकी चौराहे से होकर पुराने शहर के खुल्दाबाद, लूकरगंज, हिम्मतगंज, करेली, करेलाबाग, मुट्ठीगंज, जॉनसेनगंज, चौक, घंटाघर, विवेकानंद मार्ग आदि जाना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है।