तेज धूप और गर्मी ने रविवार को लोगों को परेशान कर दिया। जिले का पारा 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे आगरा प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। झांसी पहले स्थान पर रहा। देर शाम बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिन हवा के साथ बारिश के आसार जताए हैं। पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने पर रविवार को तापमान बढ़ गया। आगरा का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। झांसी का 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा। ईरान के आसपास केंद्रित पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव पहुंचने से प्रदेश के उत्तरी पश्चिम क्षेत्र में तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने 30-31 मार्च को बादल गरजने और बिजली गिरने की आशंका जताई है। झोंकेदार हवा के साथ बारिश के भी आसार हैं। इससे तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। एक अप्रैल से बारिश में कमी होने से तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।