चिरईगांव चिरईगांव ब्लाक में ढाब क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोबरहां में ग्रामीणों की ओर से मंगलवार को नाल, जोड़ी व गदा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वरिष्ठ भाजपा नेता व विकास प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य अम्बरीष सिंह भोला ने किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में विलुप्त हो रहे प्राचीन पारम्परिक खेलों को संरक्षित करने की सार्थक पहल सराहनीय है। प्रतियोगिता की विभिन्न कलाओं में कुल पांच दर्जन पहलवानों ने जोर आजमाइश किया।नाल उठाने में चन्दौली जनपद ग्राम पंचायत कैलीं निवासी वीरेन्द्र पाण्डेय कल्लू ने एक झटके में 190 किलो वजन का नाल उठा कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं पिसौर शिवपुर के शमसेर सिंह ने 40 किलो की जोड़ी को 38 हाथ फेर कर लोगों को मन्त्रमुग्ध कर दिया।इसी प्रकार चांदपुर के भोदू यादव ने 67 किलो वजन का गदा 81 हाथ फेर कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर लिया। कार्यक्रम में आयोजक अश्विनी कुमार सिंह, रामबाबू, रामधारी यादव, अजीत सोनकर, प्रभाकर, प्रमोद निषाद, मुन्ना सिंह आदि उपस्थित रहे। गोबरहा के पूर्व ग्राम प्रधान गुलाब यादव ने रेफरी की भूमिका निभाई।