नमामि गंगे गंगा विचार मंच की ओर से मंगलवार को कामदा एकादशी के पावन अवसर पर गंगा-वरुणा के संगम स्थली पर स्थित भगवान आदिकेशव की आरती उतारी गई। भगवान श्री हरि नारायण के आदिकेशव स्वरूप का पूजन किया गया। पुष्पहार, राग-भोग अर्पित कर ओम जय जगदीश हरे स्वामी जय जगदीश हरे के स्वर में सभी ने आरती उतारी। श्रीमन्नारायण नारायण हरि हरि का कीर्तन करते हुए सभी ने देश में सुख-समृद्धि की कामना से शीष नवाया। नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने बताया कि 11 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन के पूर्व आदिकेशव घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही मां गंगा व आदिकेशव भगवान से वक्फ संशोधन कानून की सफलता हेतु प्रार्थना की गई। कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनहित में यह कानून धरातल पर भी सफलता प्राप्त करें। इसी कामना से पूजन अर्चन किया गया।