सुल्तानपुर गोसाईगंज के अर्जुनपुर गांव में मदारी का खेल देखने निकले चार साल के मासूम अमतेश की मौत के प्रकरण में शुक्रवार को परिवारजन खुलकर बोले। अमतेश की मां पूजा ने कहा कि मेरे बेटे को मारकर फेंक दिया गया। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर हत्या करने का संदेह जताया और उसकी गिरफ्तारी होने के बाद ही बच्चे का अंतिम संस्कार करने की बात कही। तहसीलदार मयंक मिश्र सहित कई पुलिस अफसर उन्हें व परिवार के अन्य सदस्यों को समझाने में जुटे रहे। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे घरवाले बच्चे का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। बच्चे के घरवालों ने आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी दिलाने सहित कई अन्य मांगें भी अफसरों के सामने रखीं। अर्जुनपुर गांव निवासी देवी सहाय का पुत्र अमतेश (04) मंगलवार को घर के सामने खेल रहा था। दोपहर के समय गांव में एक मदारी आया था। उसका खेल देखने के लिए वह आसपास के बच्चों के साथ चला गया था। बुधवार दोपहर अर्जुनपुर गांव से करीब 700 मीटर की दूरी पर गड्ढे में सरपत के झुरमुट के पास अमतेश का शव मिला था। बृहस्पतिवार देर रात आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी बच्चे की मौत का कारण स्पष्ट नहीं था। एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि बच्चे के घरवाले जो तहरीर देंगे, उस आधार पर केस दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।