उसामा हत्याकांड के मुख्य आरोपी को उसके घर वालों के साथ पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान न्यायालय कक्ष के बाहर हत्या से नाराज कुछ लोगों ने हत्यारोपी पर हमले का प्रयास किया पर पुलिस ने उसे बचा लिया। सुरक्षा घेरे के बीच कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी आसिफ व उसके घर वालों को अदालत में पेश किया। जहां से उन सभी को जेल भेज दिया गया। सोमवार को गांधीनगर मोहल्ले में आसिफ ने व्यापारी शकील के पुत्र उसामा का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी। घरवालों से पांच लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने आरोपी आसिफ को बुधवार को उसके घर से पकड़ा था। उसी के कमरे में अपहृत उसामा का शव मिला था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी आसिफ, उसके पिता ताज मोहम्मद, चाचा सलीम, चाची रिजवाना व बहन शबनम को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान न्यायालय कक्ष जाते समय आक्रोशित लोगों ने उस पर हमले का प्रयास किया तो पुलिस उसे किसी तरह से बचाते हुए न्यायालय कक्ष में ले गई। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।