सुल्तानपुर में जिला सेवायोजन कार्यालय में शुक्रवार को पिंक रोजगार मेला लगा। सेवायोजन कार्यालय, मॉडल कॅरिअर सेंटर व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की ओर से यह मेला सिर्फ महिलाओं के लिए ही आयोजित किया गया। रोजगार मेले में महिलाओं ने अपनी पसंद की कंपनियों में आवेदन किया। उनकी योग्यता के अनुसार उन्हें शॉर्ट लिस्ट किया गया। मेले में कई नामी कंपनियों के स्टॉल लगाए गए थे। कंपनी की तरफ से आए उनके प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग करने वाली महिलाओं का साक्षात्कार लिया। लगभग 400 महिलाओं ने मेले में प्रतिभाग किया। इसमें 100 से अधिक महिलाओं को शॉर्ट लिस्ट किया गया। चार आवेदकों को रोजगार तुरंत मुहैया कराया गया। अन्य को साक्षात्कार के बाद रोजगार दिया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर कुमार ने बताया कि मेले में शॉर्ट लिस्ट की गई महिलाओं को साक्षात्कार के माध्यम से नौकरी के लिए चयनित किया जाएगा। आगे भी ऐसे मेले का अयोजन किया जाता रहेगा।