श्रावस्ती में श्रावस्ती विकास एवं संरक्षण समिति की ओर से कटरा के चक्र भंडार स्थित मैदान में चार दिवसीय श्रावस्ती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत शुक्रवार को विधायक राम फेरन पांडेय, विधायक इंद्राणी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, डीएम अजय कुमार द्विवेदी, एसपी घनश्याम चौरसिया व सीडीओ अनुभव सिंह ने भूमि पूजन कर किया। इस दौरान सुरभारती निगम विद्यापीठ गुरुकुल संस्कृत विद्यालय गिलौला के आचार्यों व छात्रों ने शंखनाद कर स्वस्ति वाचन व गीता पाठ किया। वहीं बौद्ध भिक्षुओं ने बुद्ध वंदना, श्लोक वाचन तथा छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। श्रावस्ती महोत्सव के पहले दिन नेहरू स्मारक इंटर कालेज के छात्रों ने राम आएंगे तो अंगना सजाउंगी गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। राजकीय महामाया बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रासलीला का मंचन किया। कैंपस मार्टिअस अकादमी के छात्रों ने ’आरम्भ है प्रचंड है’ गीत का प्रस्तुतीकरण किया। नवोदय विद्यालय के छात्रों ने गुजराती नृत्य, एटीएस भयापुरवा की छात्राओं ने लोकनृत्य, पिरामिड, मां तुझे सलाम-सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। राजकीय हाईस्कूल भचकाही के छात्रों ने पुलवामा हमले पर नाटक, जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना के छात्रों ने लोक नृत्य, सूफी व देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ ही सूचना व जनसम्पर्क विभाग के कालाकरों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान डीएम ने बताया है कि आज शनिवार को प्रदेश की राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल की ओर से महोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर एडीएम अमरेन्द्र कुमार वर्मा, एएसपी प्रवीण कुमार यादव, एसडीएम इकौना ओम प्रकाश सहित अन्य मौजूद रहे। श्रावस्ती महोत्सव में पंचायती राज विभाग की ओर से आदर्श ग्राम पंचायत का मॉडल प्रस्तुत किया गया। वहीं ओडीओपी, आईसीडीएस, कृषि, ग्रामोद्योग, कौशल विकास मिशन, बेसिक शिक्षा व माध्यमिक शिक्षा, फर्नीचर एवं ट्राइबल क्राफ्ट, समाज कल्याण, पशुपालन, स्वास्थ्य, उद्यान, स्वास्थ्य, जल निगम सहित अन्य विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई है।