शाहजहांपुर में महंगी दरों पर खाद मिलने और उसके साथ गैरजरूरी उत्पाद देने का विरोध करते हुए खुदरा व्यापारियों के साथ किसानों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर ओवररेटिंग और टैगिंग पर रोक लगाने की मांग की। मंगलवार सुबह भारतीय कृषक दल के बैनर तले खुदरा खाद, बीज, रसायन व्यापारी और किसान कलक्ट्रेट में पहुंचे। भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि यूरिया व अन्य उर्वरक निर्धारित रेट पर खुदरा व्यापारी को प्राप्त नहीं हो रहे हैं। थोक विक्रेता मनमाने रेट पर माल की आपूर्ति करते हैं। थोक विक्रेता 30-40 प्रतिशत अन्य उत्पादों की टैगिंग करके यूरिया व अन्य उर्वरक दे रहे हैं। टैगिंग को पूरी तरह से बंद करना चाहिए। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। खुदरा व्यापारी से किसान द्वारा खरीदे गए प्रत्येक सीलबंद उत्पाद के फेल होने की दशा में संबंधित कंपनी को दोषी मानकर कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी, भानु प्रताप गंगवार, सतीश सक्सेना, रजनीश विवेक, विजय, जितेंद्र कुमार, दीपक गुप्ता, विनीत गुप्ता, अनिल यादव, आदेश कुमार, तुषार गुप्ता आदि मौजूद रहे।