शाहजहांपुर के नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को संभव के तहत आयोजित जनसुनवाई दिवस कार्यक्रम में सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें प्राप्त आईं। तारीन जलालनगर निवासी फरहान ने बताया कि मोहल्ले में महिला थाना से हाथीथान तक खुले नाला के ऊपर लिंटर डालकर सड़क बनाई है। इसके बाद नाला सफाई नियमित रूप से नहीं हो रही। पिछले छह माह से नाला सफाई नहीं होने से बदबू से लोग परेशान हैं। इसके साथ ही नाला की सफाई के लिए जगह - जगह जाल डाले गए हैं, जो बैठ रहे हैं। जिनकी वजह से वाहन चालक चोटिल होते रहते हैं। जाल बैठने से उनकी गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसको लेकर पहले भी शिकायत की गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। देवी प्रसाद इंटर कॉलेज के शिक्षक चंद्रवीर सिंह ने बताया कि विद्यालय के मुख्य गेट के पास ही लोग कूड़ा डाल देते हैं। इस पर रोक लगाने के लिए शिकायती पत्र दिया है, इसके साथ ही एक बंदर विद्यालय में आ गया है, जिससे छात्रों को काटने का डर बना रहता है। उसको भी पकड़वाने की मांग की गई है। नगर आयुक्त ने समाधान के लिए आश्वस्त किया है। अमित वाल्मीकि ने अंटा चौराहा के पास स्थित पुलिया पर लगी स्ट्रीट लाइट करीब डेढ़ माह से खराब पड़े होने की शिकायत दर्ज कराई। बाबूजई निवासी पूजा दाखिल खारिज करने में नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही की शिकायत की गई। उन्होंने बताया कि करीब चार माह से चक्कर लगा रही हैं। लेकिन दाखिल खारिज नहीं किया जा रहा। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित को निर्देशित किया है।