प्रयागराज महाकुंभ के लिए रेलवे की ओर से चलाई जा रहीं विशेष ट्रेनों से यात्रा कर सकते हैं। इसको लेकर रेलवे की ओर से प्रचार-प्रसार भी करवाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के पूछताछ केंद्र के पास प्रयाग जाने वाली विशेष ट्रेनों की सूची चस्पा की गई है, जिसमें उनके चलने के दिन और समय की जानकारी दी गई। इसके बावजूद इन ट्रेनों से यात्रा करने वालों की संख्या काफी कम है। सोमवार को दोपहर फाफामऊ से भटिंडा जाने वाली 04525 भटिंड़ा स्पेशल फेयर कुंभ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 33 मिनट लेट दोपहर 2:03 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर आई। इसमें नाम मात्र के यात्री ही नजर आए। हालांकि यह ट्रेन प्रयाग से वापस आने वाले यात्रियों की रही। इससे करीब एक घंटा पहले प्रयाग जाने वाली 15074 सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब आधा घंटा की देरी से स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आई। ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म नंबर पर रुकी उसके जनरल कोचों में चढ़ने व उतरने वाले यात्रियों में धक्कामुक्की होने लगी। प्लेटफार्म से कोच में चढ़ने वाले यात्रियों की संख्या अधिक थी। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन प्लेटफार्म से चल दी, लेकिन उसमें चढ़ने वालों की भीड़ कम नहीं हुई। कुछ लोगों की ट्रेन छूट भी गई।