मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को रोजगार, प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पारंपरिक उद्योगों का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सरकार की भर्तियों में पारदर्शिता है और सरकारी नौकरियों का लाभ प्रदेश के युवाओं को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी प्रदेश सरकार नियुक्ति पत्र वितरित करती है और उनमें रामपुर के युवाओं का नाम होता है तो उन्हें खुशी होती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामपुर के युवा सरकारी नौकरियों से वंचित रह जाते थे, जबकि आज उन्हें योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की नीतियों के कारण बीमारू राज्य कहलाता था, आज देश की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर भारत की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के पारंपरिक उद्योग भी संकट में थे। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पुलिस और मंडी व्यवस्था के कारण उद्यमियों को परेशान किया जाता था। रामपुर का पैचवर्क, जरी-बूटा और वायलिन उद्योग भी कठिन दौर से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना ने रामपुर के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि चाकू अगर गलत व्यक्ति के हाथ में पड़ जाएगा तो वह उससे डकैती ही डालेगा। समाजवादी पार्टी ने रामपुर के चाकू का दुरुपयोग किया और जमीनों पर कब्जे करने का काम किया।