सावन के पहले सोमवार पर भक्तों की भीड़ शिव मंदिरों में उमड़ी। सुबह से ही भक्तों की कतार दर्शन के लिए लगी। बछरावां के भंवरेश्वर मंदिर में दूरदराज से आए भक्तों ने शिवलिंग के दर्शन किए। सुबह साढ़े पांच बजे सिंहोलेश्वर धाम के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। क्षेत्र के प्रसिद्ध सिंहोलेश्वर धाम में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु सुबह से ही लाइन में लग गए और अपनी बारी आने पर शिवलिंग का जलाभिषेक कर पुष्प धतूरा बेलपत्र कमल पुष्प अर्पित किया। मंदिर के पुजारी दिगंबर महाराज ने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए थे। इस मंदिर में शिवलिंग का दिन में तीन बार रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसी तरह दौलतपुर के कामेश्वर दरियापुर के दरियास्वर गेगासों के मुंड मालेश्वर मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना किया। मंदिरों के बाहर फूल व बेलपत्र बेचने वाले अपनी अपनी दुकान भी लगाए थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सब इंस्पेक्टर संजय पाठक वह अन्य सुरक्षा कर्मी मंदिर में मौजूद थे।