मेरठ। लावड़ कस्बे में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा के बाद कुछ युवाओं ने सड़क पर जमकर हुड़दंग किया और कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी ई रिक्शा चालक असगर के साथ मारपीट की। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर युवकों की पहचान कराने में जुट गई है। इंचौली थाने पर दर्ज कराई प्राथमिकी में असगर ने बताया कि वह ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। बताया कि मंगलवार देर रात वह चिंदौड़ी गांव से लावड़ आ रहा था। पुरानी टंकी मोहल्ला में शोभायात्रा खत्म होने के बाद भी कुछ युवक रास्ते में खड़े होकर डांस कर रहे थे। उसके वहां पहुंचने पर कुछ युवक ई रिक्शा पर चढ़कर डांस करने लगे, जिस कारण ई-रिक्शा पलट गया और एक युवक को मामूली चोट लग गई। घटना के बाद कुछ ओर युवक एकत्रित हो गए और उसके साथ मारपीट कर दी। वह जान बचाने के लिए मौके से भागा, लेकिन युवाओं की भीड़ लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे दौड़ी। असगर एक घर में घुस गया, लेकिन आरोपियों ने भी उस घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे किसी तरह बचाया। एएसपी बजरंग प्रसाद ने बताया कि सड़क पर खड़े कुछ अराजक तत्वों द्वारा ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। युवकों की पहचान कराई जा रही है।