मेरठ में के.एम.सी. मेडिकल एंड एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वाधान में विश्व सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह के अंतर्गत के.एम.सी. कैंसर संस्थान द्वारा एक सप्ताह का सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने महिलाओं में कैंसर से बचाव, समय पर जांच और उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में महिला कैंसर रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. अंशुल बंसल, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि अग्रवाल, डॉ. प्रतिभा अग्रवाल तथा डॉ. बी.एन. सतपथी ने अपने-अपने सुझाव देकर लोगों को जागरूक किया। चिकित्सकों ने बताया कि नियमित जांच, सही जानकारी और समय पर इलाज से सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं।