मेरठ में दहेज के लिए ससुराल वालों पर जबरन तेजाब पिलाने का आरोप लगाने वाली सरिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने जांच के लिए विसरा प्रिजर्व किया है। मामले में आरोपी जेठ अभी भी फरार है। मोदीनगर के वखरवा गांव निवासी सरिता की शादी ब्रह्मपुरी क्षेत्र में माधवपुरम निवासी धर्मेंद्र से मुख्यमंत्री सामूहिक योजना के तहत 5 फरवरी 2023 को हुई थी। आरोप है कि शादी में दहेज न मिलने पर पति, जेठ समय सिंह और जेठानी अनिता उसके साथ मारपीट करने लगे। एक लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। 16 अगस्त 2024 को पति धर्मेंद्र, जेठ समय सिंह और जेठानी अनिता ने जान से मारने की नीयत से सरिता को जबरन तेजाब पिला दिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पड़ोसियों ने सरिता को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसका इलाज कराने की बजाय मायके मोदीनगर छोड़ आए। परिजन ने एसएसपी से गुहार लगाई तो ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट तो दर्ज हुई लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। मंगलवार को भी सरिता मेरठ एसएसपी के कार्यालय पहुंची और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। वापस लौटते समय रास्ते में सरिता की मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति धर्मेंद्र, जेठानी अनिता को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे में दहेज हत्या की धारा भी बढ़ा दी है। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। जेठ समय सिंह की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।