मथुरा में जिला खेल कार्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में मंगलवार को सांसद खेल स्पर्धा 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद हेमा मालिनी ने दीप जलाकर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेलों को जीवन का अहम हिस्सा बताया। सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे बढ़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में जिले की पांचों विधानसभाओं से चयनित खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो और बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन किया। पहले ही दिन कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिनमें खिलाड़ियों ने अपना पूरा दमखम दिखाया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, स्पर्धा संयोजक ज्ञानेन्द्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, जिला युवा कल्याण अधिकारी पीएस गौतम, जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव और नेडा परियोजना अधिकारी संतोष कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।