कानपुर-सागर हाईवे पर खन्ना टोल प्लाजा के पास डंपर ने एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार खन्ना थाने में तैनात महिला सिपाही की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जनपद झांसी के प्रेमनगर निवासी निशी अग्निहोत्री (30) थाना खन्ना में महिला कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं। मंगलवार को वह निजी चार पहिया वाहन से चालक मोहित उर्फ बंटी के साथ उपचार कराने कबरई गईं थीं। रात करीब नौ बजे दवा लेकर वापस लौटते समय हाईवे पर खन्ना और चिचारा के बीच तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मार दी।