महोबा जिले में खाद की समस्या बरकरार है। सोमवार की सुबह पांच बजे से किसान खाद के टोकन लेने के लिए एसके महाविद्यालय जैतपुर पहुंच गए। आठ बजे तक किसी भी अधिकारी व कर्मचारी के न पहुंचने से किसान भड़क गए। आक्रोशित किसानों ने नौगांव-कुलपहाड़ मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। चौकी प्रभारी ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। तब डेढ़ घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। पीसीएफ कृषक केंद्र जैतपुर में खाद वितरण के लिए टोकन बांटने का काम एसके महाविद्यालय के मैदान से किया जाता है। 10 दिन पहले समिति के गोदाम में खाद उतरी थी। किसानोंं को सूचना मिली कि सोमवार को खाद का वितरण होना है। सुबह पांच बजे से जैतपुर, महेवा, लमौरा, बुधौरा, बिहार समेत कई गांव के किसान एसके महाविद्यालय पहुंच गए। टोकन लेने के लिए लंबी-लंबी कतारों में किसान तीन घंटे तक लगे रहे। जब कोई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा तो किसानों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने एसके महाविद्यालय के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। सैकड़ों महिलाएं भी सड़क पर बैठकर विरोध जताती रहीं।