लखीमपुर खीरी जनपद में बेलरायां सरजू सहकारी चीनी मिल के गन्ना कार्यालय में सोमवार को प्रबंध समिति के चुनाव में कुछ प्रत्याशियों के नामांकन खारिज कर दिए गए। इससे नाराज प्रत्याशी समर्थकों ने विधायक, मिल प्रशासन, चुनाव निर्वाचन अधिकारी के विरुद्ध मंगलवार को नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीएम निघासन राजीव निगम, सीओ ने पर्चा खारिज होने की जांच कराने, चुनाव कार्यों में बाधा न डालने की बात कहकर गन्ना कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे नाराज प्रत्याशी समर्थकों को शांत कराया। प्रदर्शन के दौरान गन्ना कार्यालय गेट पर भारी सख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।