कासगंज के गंजडुंडवारा में चिरोला रोड स्थित बॉम्बे ईंट भट्ठा के पास बुधवार की देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव नगला मुरली निवासी गुड्डू (25) पुत्र किशनपाल, आशू (18) पुत्र पप्पू और सचिन (18) पुत्र राजवीर बुधवार की देर शाम बॉम्बे ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके बाइक से वापस लौट रहे थे। बहोटा मंदिर के पास उनकी बाइक की एटा की ओर से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर कुरावली निवासी तालिब (25) पुत्र मुन्ने खान और सुहेल (22) पुत्र इरशाद सवार थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत सीएचसी पहुंचाया। गुड्डू को चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य को गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मजदूर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।