कानपुर। शहर में शनिवार को आई तेज आंधी का असर कई इलाकों में देखने को मिला। जरौली फेस-2 स्थित राधा माधव मंदिर के पास एक विशाल वट वृक्ष अचानक गिर गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेड़ गिरने से स्थानीय रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं नवाबगंज से एसडी कॉलेज होते हुए चिड़ियाघर जाने वाली मुख्य सड़क पर भी कई वर्षों पुराना पेड़ आंधी के चलते धराशायी हो गया। सड़क के बीचों-बीच पेड़ गिरने से पूरा मार्ग जाम हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अचानक बने इस हालात के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और नगर निगम को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया।