राजधानी मार्ग सब्जी मंडी के सुभाष नगर मोड़ के पास आलू मंडी होने के कारण बुधवार को बीच सड़क पर आलू लदे ट्रक खड़े होेने से सुबह पांच से 10 बजे तक पांच घंटे यातायात अवरुद्ध रहा। इस बीच रुक-रुककर पांच बार जाम लगा। ऐसे में वाहन रेंगते हुए निकले। इससे राहगीरों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। राजधानी मार्ग सब्जी मंडी पर सुभाष नगर मोड़ से पोनी रोड तिराहे के बीच पांच आलू की आढ़त है। इन आढ़तों पर दूर-दूर से आलू लदे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंचती हैं। इससे मार्ग संकरा होेने से रोजाना यातायात बाधित होता रहता है। बुधवार को सुबह करीब पांच बजे बीच सड़क पर ट्रकों के खड़े होने से आवागमन अवरुद्ध होने लगा। यह स्थिति 10 बजे तक बनी रही। इस बीच रुक-रुककर पांच बार जाम लगा। इससे वाहन सवारों व राहगीरों को काफी दिक्कत हुई। वहीं, राजधानी मार्ग पर जगह-जगह अतिक्रमण होने के कारण दिक्कतें और बढ़ गईं। उधर, पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। निरीक्षण कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।