बुधवार की सुबह जमीनी कोहरा (रेडियशन फॉग) का असर रहा। अधिक कोहरा होने से दृश्यता कम रही। ऐसे में सड़कों पर वाहनों के साथ ट्रेनों की रफ्तार थमी रही। वाहन सवार हेड लाइट जलाकर निकले। सुबह पांच से आठ बजे तक तीन घंटे लगातार नवीन गंगा पुल के अलावा मैदानी निचले क्षेत्रों में घना जमीनी कोहरा छाया रहा। ऐसे में नवीन गंगा पुल, जाजमऊ हाईवे और जाजमऊ गंगा पुल से निकलने वाले वाहनों की रफ्तार कम रही। लखनऊ मौसम विभाग के विशेषज्ञ अतुल ने बताया कि आमतौर पर यह कोहरा साफ आसमान, शांत हवा और नम परिस्थितियों वाली रातों में जमीन के ठंडे होने पर बनता है। आमतौर पर सर्दी के मौसम में ऐसा होता है और धूप निकलने के साथ ही खत्म हो जाता है। वहीं, रेल गंगा पुल पर अत्यधिक कोहरा होने के कारण कानपुर-लखनऊ के बीच चलने वाली कई ट्रेनों की रफ्तार थमी रही।